‘‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने परेठा में शासकीय संस्थाओं का किया औचक निरीक्षण

विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं छात्रावास में बेहतर सुविधाएं देने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

Aug 16, 2026 - 10:23
 0  1
‘‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने परेठा में शासकीय संस्थाओं का किया औचक निरीक्षण

बुरहानपुर।  ‘‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के तहत जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सतत मॉनीटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने ग्राम पंचायत परेठा पहुंचकर विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय विद्यालय, आयुष्मान आरोग्य केन्द्र एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने शासकीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, रिकॉर्ड संधारण एवं परीक्षा परिणाम सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की जानकारी शिक्षकों से ली। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा विद्यार्थियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपेक्षित जानकारी एवं प्रस्तुतीकरण नहीं मिलने पर संबंधितों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने विद्यालय की कम्प्यूटर लैब का अवलोकन कर उपलब्ध संसाधनों एवं उनके उपयोग की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान का लाभ भी प्रभावी रूप से मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, विद्यालयीन गतिविधियों एवं उनकी रुचियों के संबंध में बातचीत की। स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य हेतु नियमित रूप से मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक कलेक्टर से संवाद किया। इस दौरान पौधारोपण भी किया गया।
कलेक्टर श्री सिंह ने आयुष्मान आरोग्य केन्द्र का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य जांच की संख्या, उपलब्ध संसाधनों एवं नागरिकों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा ग्रामीणों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
ग्राम पंचायत परेठा स्थित छात्रावास के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही प्रत्येक सुविधा का पूरा लाभ मिले। छात्रावास की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और आवश्यक सुधार प्राथमिकता से किए जाएं।
‘‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के तहत आयोजित संवाद एवं सेवा गतिविधियों के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने आधार अपडेशन एवं स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में आए ग्रामीणों से संवाद कर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।