मंडी बाजार में प्रतिबंधित पॉलीथिन पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

पॉलीथिन इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों पर 10 हजार का जुर्माना

Aug 21, 2026 - 01:40
 0  1
मंडी बाजार में प्रतिबंधित पॉलीथिन पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

शहर के मंडी बाजार में प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल और बिक्री के खिलाफ नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की। सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा के नेतृत्व में निगम की टीम गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मंडी बाजार पहुंची। टीम ने दूध डेयरियों सहित विभिन्न दुकानों पर जांच की और प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करते पाए जाने पर कार्रवाई की।

जांच के दौरान दुकानों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई। निगम की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने और इसके स्थान पर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने की समझाइश दी गई।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य शहर में पॉलीथिन के उपयोग पर रोक लगाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना है। निगम ने दुकानदारों से नियमों का पालन करने की अपील की है।