किसानों को अब टोकन व्यवस्था से मिलेगा खाद, सरकार ने फिर लागू किया नियम

खाद केंद्रों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने टोकन व्यवस्था शुरू

Aug 21, 2026 - 01:43
 0  1
किसानों को अब टोकन व्यवस्था से मिलेगा खाद, सरकार ने फिर लागू किया नियम

बुरहानपुर में किसानों को खाद वितरण के लिए टोकन व्यवस्था एक बार फिर लागू कर दी गई है। प्रदेश सरकार ने खाद वितरण केंद्रों पर लगातार बढ़ रही किसानों की भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था दोबारा शुरू की है। नई व्यवस्था के तहत अब किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जारी टोकन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। बिना टोकन के किसानों को खाद का वितरण नहीं किया जाएगा।

गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे कृषि अधिकारी मनोहर देवके ने बताया कि जिले के विभिन्न खाद वितरण केंद्रों पर टोकन दिखाने के बाद ही किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहले इस व्यवस्था को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया था, लेकिन खाद वितरण को व्यवस्थित और सरल बनाने के लिए इसे फिर से लागू किया गया है।

टोकन व्यवस्था लागू होने के बाद खाद केंद्रों पर किसानों की भीड़ को नियंत्रित करने और वितरण प्रक्रिया को सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, व्यवस्था दोबारा लागू होने के साथ ही गुरुवार को खाद वितरण केंद्रों पर किसानों की भीड़ भी नजर आई। विभाग ने किसानों से टोकन लेकर ही केंद्र पर पहुंचने की अपील की है।